कांग्रेस घाेषणा पत्र में शामिल करेगी आम नागरिकाें के सुझाव, नम्बर किए जारी

 


देहरादून, 18 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी घोषणा पत्र तैयार करने के लिए गांव तक पहुंचेगी। कांग्रेस ने मंगलवार काे आम जनता से सुझाव आमंत्रित करने केलिए वाट्स एप नम्बर व ई-मेल आईडी जारी की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यह घोषणा की। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि घोषणा पत्र में हर वर्ग को शामिल करने के साथ ही मीडिया कर्मियों के लिए भी विशेष योजना तैयार की जाएगी।

कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष विधायक भुवन कापड़ी ने बताया कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र तैयार करने के लिए रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जन घोषणा पत्र तैयार करेगी। इसके लिए युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों के साथ ही समाज के हर वर्ग से बातचीत की जाएगी। जिला स्तर पर घोषणा पत्र को लेकर बातचीत की जाएगी। कांग्रेस कमेटी के सदस्य पर्यावरण, शिक्षा समेत अन्य विषेषज्ञों से भी सुझाव लेगी। उन्होंने कहा कि समग्र बातचीत के बाद यह घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।

कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के संयोजक प्रेम बहुखंडी ने ई-मेल आईडी व वाट्स एप नम्बर भी जारी किया। उन्होंने कहा कि आम जनता के सुझाव ई-मेल व वाट्स एप पर भी लिए जाएंगे। कमेटी की सदस्य सुजाता पॉल मालिया ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसके लिए कांग्रेस विशेष तौर पर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला हिंसा पिछले दस साल में जिस तरह से बढ़ी है, वह चिंतनीय है। मीडिया कर्मियों से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्य कांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास की सोच को लेकर सभी लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी और इस दिशा में घोषणा पत्र महत्वपूर्ण होने जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल