शराब के नशे में खाई में गिरा चर्च कर्मी
नैनीताल, 06 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल की राजभवन रोड पर डीएसबी परिसर के समीप कल रात एक चर्च कर्मी युवक गहरी खाई में गिरा जिसे मल्लीताल कोतवाली पुलिस और अग्निशमन सेवा की संयुक्त टीम ने सकुशल बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस नियंत्रण कक्ष पर सूचना मिलने पर मल्लीताल कोतवाली के प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश जोशी के नेतृत्व में बचाव कर्मी मौके पर पहुंचे और अंधेरे, दुर्गम मार्ग और गहरी खाई के बावजूद टीम ने रस्सियों व अन्य उपकरणों की सहायता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में होने के कारण संतुलन खो बैठा था और खाई में गिर गया। पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान 35 वर्षीय हेरमन ठिठियो पुत्र अंतोनिस ठिठियो निवासी डुम्बरपाठ गुरदरी गुमला झारखंड के रूप में हुई, जो पिछले कुछ वर्षों से राजभवन रोड पर लोकभवन तिराहे के पास स्थित चर्च में कार्यरत है।
प्राथमिक उपचार के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। बचाव अभियान में दिनेश चंद्र जोशी, आरक्षी अरविंद चंद, आरक्षी शाहिद, चीता मोबाइल के आरक्षी सुखदेव, आरक्षी विजेंद्र धामी तथा मल्लीताल अग्निशमन केंद्र की टीम शामिल रही। स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस एवं अग्निशमन दल की त्वरित और मानवीय कार्रवाई की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी