अक्षय तृतीया से पहले बाल विवाह रोकथाम अभियान तेज

 


पौड़ी गढ़वाल, 17 अप्रैल (हि.स.)। अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाहों की रोकथाम के लिए जनपद पौड़ी गढ़वाल में व्यापक जनजागरूकता अभियान तेज किया गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति और चाइल्डलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दूसरे दिन भी विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखंड यमकेश्वर और पाबौ के विद्यालयों में कुल 279 छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।

यमकेश्वर के राजकीय इंटर कॉलेज, भृगुखाल में आयोजित कार्यक्रम में 209 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों और इसके सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य नीरज कुमार बमराड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं, पाबौ के राजकीय इंटर कॉलेज, चोपड्यूं में आयोजित कार्यक्रम में 70 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। यहां बाल विवाह के सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर चर्चा की गई तथा छात्रों को आपात स्थिति में चाइल्डलाइन 1098 से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल विवाह की किसी भी सूचना को तुरंत संबंधित अधिकारियों या हेल्पलाइन पर साझा करें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह