कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री ने जताया शाेक
देहरादून, 26 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित सेवक आश्रम रोड पहुंचकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर उनके निजी आवास पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का सार्वजनिक जीवन प्रदेश की राजनीति और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल