औचक निरीक्षण में बंद मिला आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सभी कर्मचारी मिले नदारद
पौड़ी गढ़वाल, 13 नवंबर (हि.स.)।स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने शुक्रवार को यमकेश्वर और द्वारीखाल ब्लॉक की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर ठांगर बंद मिला, जबकि यहां तैनात सभी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिउली, पौखाल, पीएचसी टाइप-ए कांडाखाल, किन्सुर, भृगुखाल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेलूसैण का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, साफ-सफाई, पेयजल और आवासीय भवनों की व्यवस्थाएं भी परखीं। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में पीएचसी कांडाखाल के चिकित्सालय भवन में सीलन की समस्या मिली। वहीं, यहां आवासीय भवन निर्माण और पीएचसी किन्सुर के एएनएम सेंटर में जमीन धंसने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण की जरूरत सामने आई। सीएमओ ने निर्माण अनुभाग को इन कार्यों का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने बताया कि पीएचसी दिउली में चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर मिली शिकायतों के बाद निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सक अवकाश पर मिले। उन्होंने बताया कि अन्य स्वास्थ्य इकाइयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सभी चिकित्सा इकाइयों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह