चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली शुरू, परिवहन मंत्री ने किया शुभारंभ

 


हरिद्वार, 30 मार्च (हि.स.)। चारधाम यात्रा 2026 के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए परिवहन विभाग उत्तराखंड ने व्यावसायिक यात्री वाहनों हेतु ग्रीन कार्ड प्रणाली की शुरुआत कर दी है। इसका शुभारंभ सोमवार को एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद, हरिद्वार में प्रदेश के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी व जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया।

ग्रीन कार्ड प्रणाली के माध्यम से चारधाम यात्रा में शामिल व्यावसायिक वाहनों की तकनीकी फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। यह प्रणाली न केवल वाहनों की फिटनेस की पुष्टि करेगी, बल्कि आपात स्थिति में वाहन से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां भी तुरंत उपलब्ध कराएगी।

परिवहन विभाग के अनुसार वाहन स्वामी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। इसके बाद नजदीकी परिवहन कार्यालय में वाहन का तकनीकी निरीक्षण कराने पर ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। इससे चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त सुनील शर्मा, शैलेश तिवारी, तथा आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून डॉ. अनीता चमोला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का आयोजन आरटीओ (प्रशासन) देहरादून संभाग संदीप सैनी के मार्गदर्शन में हुआ। एआरटीओ (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार सुश्री नेहा झा, एआरटीओ (प्रशासन) रुड़की जितेंद्र चंद और एआरटीओ (प्रवर्तन) रुड़की कृष्ण पलारिया सहित विभागीय अधिकारियों ने व्यवस्थाएं संभाली।

परिवहन विभाग का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसी तकनीकी और प्रशासनिक पहलें आगे भी जारी रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला