नवरात्रि के दूसरे दिन की मां ब्रहाचारिणी की पूजा अर्चना

 


पौड़ी गढ़वाल, 20 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन देवी मंदिरों में ब्रहाचारिणी की पूजा अर्चना की गई। वैष्णो देवी मंदिर अछरीखाल मंदिर में चंडी पाठ, रुद्रपाठ और महाविद्या पाठ का आयोजन किया जा रहा है।

वहीं, कोट विकासखण्ड के भुवनेश्वरी सिद्धपीठ में चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य नजर आया। प्रातः ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। आचार्य डा. अनूप कुकरेती के सानिध्य में विधि-विधानपूर्वक दैनिक पूजन, चंडी पाठ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान वैदिक आचार्यों द्वारा किया गया। वेद मंत्रों की दिव्य ध्वनि और धूप-दीप की सुगंध ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भोली मण्जली पौडी, फलस्वाडी, नवदूर्गा घुडदौडी, बुरांशी, रछुली व जय गढगौरिल पौड़ी की टीमों ने कीर्तनों की शानदार प्रस्तुतियां दी। मध्यान्ह में मंदिर की प्राचीन परंपरा के अनुसार ढोल-दमाऊं पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच मां की विशेष पूजा हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उल्लास और आस्था के साथ मां की पांच परिक्रमा कर अपनी भक्ति प्रकट की।

डा. नवीन ममगाईं ने बताया कि मंदिर समिति के निर्देशन में दिल्ली सभा, देहरादून सभा, स्थानीय सभा और स्कूल इन सभी संस्थाओं के सहयोग से विगत कई वर्षों से सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन हेतु ऐसे दिव्य आयोजनों का निरंतर आयोजन करती आ रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह