मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की

 


देहरादून, 24 सितंबर (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर भवन की स्थिति के साथ बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण में प्रतिभाग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी जिलों को स्वीप प्लान तैयार करने तथा बूथ और विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों का विवरण तैयार करने को कहा। साथ ही मतदान प्रक्रिया के लिए आवश्यक वाहनों और कार्मिकों की सूची समय से तैयार करने के निर्देश दिए।

डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि आगामी माह निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित हो सकता है। इस दौरान जिलों में चुनाव तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को उससे पहले तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय