सुशीला तिवारी अस्पताल में 76 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप
हल्द्वानी , 04 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की 76 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट कोशिश पॉजिटिव आई है। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।
चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि कैमरी, बिलासपुर (जिला रामपुर) निवासी जमीला का थ्रोट स्वाब सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मरीज को अस्पताल के वार्ड-सी स्थित पृथक क्यूबिकल में आइसोलेट कर उपचार दिया जा रहा है।मामले की जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) रामपुर को पत्र के माध्यम से भेज दी गई है। साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य, कंट्रोल रूम और सीएमओ नैनीताल को भी सूचित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान (कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग) और निगरानी के निर्देश जारी किए हैं। फिलहाल स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और मरीज की लगातार निगरानी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता