करियर काउंसलिंग सेमिनार में दी रोजगार अवसरों की थी जानकारी
नई टिहरी, 25 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन ने नगर पालिका प्रेक्षागृह में शुक्रवार को करियर काउंसलिंग आयोजित की गई। जिसमें चंबा ब्लॉक के इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सेमिनार में छात्रों को सेना, मेडिकल, पुलिस, शिक्षा, होटल मैनेजमेंट और बैंकिंग आदि क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच भी कराई गई। मुख्य अतिथि सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि छात्रों को मेडिकल और इंजीनियरिंग आदि क्षेत्रों में कॅरियर बनाने को कई स्कूलों में भी ऑनलाइन कोचिंग कराई जा रही है।
इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कहा कि जीवन में सफलता अर्जित करने के लिए मेहनत के अलावा कोई विकल्प नहीं है। निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। छात्रों के लिए सही समय पर सही करियर मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण है।
काउंसलिंग में विशेषज्ञों ने छात्रों को रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने के साथ संबंधित क्षेत्र की शैक्षणिक योग्यता, प्रतियोगी परीक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षण और तैयारी की विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए भी प्रेरित किया। छात्रों ने भी विशेषज्ञों को कॅरियर विकल्पों से जुड़े सवालों की जानकारी मांगी। काउंसलिंग में 600 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी