नैनीताल में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोग घायल
नैनीताल, 11 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल के ताकुला पुरानी चुंगी के पास मंगलवार को हल्द्वानी से नैनीताल आ रही एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटन में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खोज एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और मुख्यालय स्थित बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कार संख्या यूके07एएम-7810 में पिथौरागढ़ निवासी नवीन चंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवी दत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) सवार थे। चालक के अनुसार ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने कार को खाई में गिरते देख पुलिस को सूचना दी। तल्लीताल थाने के अपर उप निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से लगभग 100 मीटर गहरी खाई से सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस के अनुसार सभी घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी