उज्याड़ी में मानसिक स्वास्थ्य और बालिका अधिकारों के प्रति किया जागरूक

 


पौड़ी गढ़वाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, बालिकाओं के अधिकार, सुरक्षा, समानता और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना महत्वपूर्ण है। तनाव होने पर विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं अभिभावकों, शिक्षकों या विशेषज्ञों से साझा करनी चाहिए। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष गुसाईं ने तनाव प्रबंधन और समय पर परामर्श लेने की जानकारी दी। वहीं, रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ने बाल विवाह, बाल श्रम, लैंगिक भेदभाव और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया समझाई।

इस दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता में दीपांशी प्रथम, कनिका द्वितीय और वर्किता तृतीय रहीं। वरिष्ठ वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में सोनाक्षी प्रथम और शिवानी द्वितीय रहीं। कनिष्ठ वर्ग में शिक्षा ने प्रथम, समर्थ ने द्वितीय और रोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह, मनमोहन देवली, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह