स्वतंत्रता दिवस पर छात्र-छात्राओं के लिए बस का किया लोकार्पण

 


नई टिहरी, 16 अगस्त (हि.स.)। नगर पंचायत चमियाला में स्वतंत्रता दिवस पर क्षेत्रवासियों और छात्र-छात्राओं को बड़ी सौगात देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने चुनावी वादा पूरा किया। उन्होंने बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए बस उपलब्ध कराई। अध्यक्ष राणा और स्थानीय विधायक शक्ति लाल शाह ने बस का विधिवत लोकार्पण किया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने राणा और शाह का आभार जताया।

वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत के नामित सभासदों को भी शपथ दिलाई गई। सभासदों ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति निष्ठा रखते हुए नगर के विकास और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया। राणा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और युवाओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत लगातार प्रयासरत है। विद्यार्थियों के लिए बस की सुविधा उपलब्ध होने से उनकी पढ़ाई में आने वाली आवागमन संबंधी परेशानियां कम होंगी। स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाकर क्षेत्र के विकास के लिए एकजुटता से आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूप बिष्ट, बालगंगा महाविद्यालय के प्रबंधक प्रशांत जोशी, रामकुमार कठैत, ईओ मानवेंद्र रावत, बीडीसी अंजली चौहान, सूर्य प्रकाश रतूड़ी, विक्रम असवाल, कमल पंवार, हरीश राणा, सचिन पोखरियाल, बालगंगा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विपिन उनियाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी