ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर बस सड़क पर पलटी, एक की माैत व आठ घायल
नैनीताल, 27 मार्च (हि.स.)। जनपद में हल्द्वानी-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खूपी गांव के समीप शुक्रवार प्रातः एक निजी बस अनियंत्रित होकर स़क पर पलट गई। इस हादसे में एक यात्री की माैत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गये।
ज्योलीकोट के चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा के अनुसार दुर्घटना प्रातः लगभग सवा सात बजे हुई। हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही तीव्र गति से जा रही बस ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर भूमियाधार-खूपी गांव के समीप एक मोड़ पर नियंत्रित हाे गई और आगे चल रहे बोलेरो वाहन को टक्कर मारते हुए पलट गई। बस में चालक सहित लगभग 15 से 16 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस तथा राज्य आपदा प्रबंधन बल की एक टीम उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से बचाव अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट निवासी 30 वर्षीय यात्री सुनील कुमार की घटनास्थल पर ही माैत हो गई, जबकि आठ यात्री घायल हुए औं। उन्हें तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया, जहां एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तीव्र गति और मोड़ पर असावधानी माना जा रहा है। पुलिस ने शव का परीक्षण कराने के साथ परिजनों को सूचना दे दी है तथा प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी है। साथ ही बस चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी