नैनीझील में मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान के प्रयास जारी
नैनीताल, 11 जून (हि.स.)। नैनीझील में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। नाव संचालन से जुड़े लोगों ने झील में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को झील से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। बरेली के एक अग्रवाल परिवार ने युवक को अपना पारिवारिक सदस्य होने की आशंका जतायी है।
नगर कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मृतक की आयु लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, अलबत्ता उसका चेहरा साफ है। प्रथम दृष्टया युवक के बीती शाम के बाद झील में गिरने की संभावना जतायी जा रही है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के अभिलेखों का मिलान कर रही है। इस बीच बरेली के एक अग्रवाल परिवार ने शव की तस्वीर देखकर उसे अपना परिजन होने की आशंका व्यक्त की है। परिवार के सदस्य नैनीताल के लिए रवाना हो गये हैं। पुलिस ने बताया कि पहचान की पुष्टि होने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी