बोर्ड परीक्षा की प्रवीणता सूची में स्थान पाने वाले छात्राें काे किया सम्मानित

 


नई टिहरी, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड बोर्ड की इंटर और हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल करने वाले जिले के छात्र-छात्राओं का जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राजकीय स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थी दुर्गम क्षेत्रों और विषम परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मंगलवार को डाइट सभागार में कार्यक्रम का सीडीओ वरूणा अग्रवाल ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा छात्र लक्ष्य निर्धारित करते हुए सफलता प्राप्त करें। प्रवीणता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। सीईओ कमला बड़वाल ने छात्रों की प्रशंसा करते हुए उन्हें लगातार आगे भी मेहनत जारी रख लक्ष्य तक पहुंचने का प्रयास करने की सीख दी।

बताया कि इस वर्ष जिले का हाईस्कूल परीक्षाफल 93.72 जबकि इंटर का 89.92 प्रतिशत रहा। यह गत वर्ष से 1.5 प्रतिशत अधिक है। डाइट प्राचार्य सुमेर सिंह कैंतुरा ने कहा एनईपी के तहत छात्रों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरक वातावरण, प्रतिस्पर्धात्मक की भावना, आत्मविश्वास का विकास जरूरी है। मेधावी छात्रा आकांक्षा, आदर्श जोशी ने कहा कि वे सिविल सेवा में जाना चाहते हैं। वहीं सोनम, नैन्सी, अनिष्का, सरिता आदि ने भी भविष्य की योजना बताई। समन्वयक डॉ. वीर सिंह रावत ने हाईस्कूल में 15 और इंटर में 2 छात्रों ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी