कांग्रेस सत्ता के लिए हस्ताक्षर नहीं, बेटियों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करे : महेंद्र भट्ट
देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता हासिल करने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने के बजाय बेटियों को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी संघर्ष करना चाहिए।
महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड कांग्रेस में गुटबाजी, आपसी खींचतान और नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई के कारण संगठन कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरे दलों पर सवाल उठाने से पहले अपने संगठन की स्थिति और पिछले चुनावों में मिली हार पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने सैलजा से छत्तीसगढ़ और हरियाणा में कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का हिसाब देने को भी कहा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल हस्ताक्षर जुटाने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। जनसमस्याओं के समाधान के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को चुनती है और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के मामलों में उसकी सक्रियता समान रूप से दिखाई नहीं देती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यदि महिलाओं के सम्मान और न्याय की चिंता है तो उसे जेनी जैसी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस ने अब तक इस मामले में कितने बड़े नेताओं को आगे किया और पीड़ितों के समर्थन में कितनी बार आवाज उठाई।
भट्ट ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का विषय राजनीति से ऊपर है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता और धरातल पर संघर्ष की जरूरत है, केवल सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाने से यह उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार विकास, जनकल्याण और सुशासन के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय है और कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचा रहे हैं।
भट्ट ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। उन्होंने कांग्रेस को अपने संगठन की कमजोरियों और गुटबाजी पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता राजनीतिक दौरों और अभियानों के बजाय विकास, जवाबदेही तथा महिला सम्मान के मुद्दों पर ठोस काम चाहती है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय