8 सितम्बर को डीसीबी अध्यक्ष -उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का जीतना तय
नई टिहरी, 01 सितंबर (हि.स.)। टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक के चुनाव की प्रक्रिया के तहत जखोली को छोड़कर सभी 12 वार्ड (ब्लॉक) से निदेशक निर्विरोध चुने गए हैं। सभी निर्वाचित निदेशक भाजपा समर्थित हैं। जिससे 8 सितम्बर को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर होने वाले चुनाव में भाजपा का कब्जा होना तय है।
सहकारिता के चुनाव अधिकारी/प्राचार्य डायट सुमेर सिंह कैंतुरा ने बताया कि मंगलवार को डीसीबी मुख्यालय नई टिहरी में जिला सहकारी बैंक के निदेशकों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। जिसमें जौनपुर ब्लॉक से सुभाष चंद रमोला, भिलंगना जयवीर सिंह मिंया, देवप्रयाग जेपी चंद, प्रतापनगर वरूण पाल, जाखणीधार लता देवी, नरेंद्रनगर रोशनी राणा, केंद्रीय समिति से विनोद रावत, अन्य समिति से कृष्णा रतूड़ी, सुनील हनुमंती, पूनम, सूरज बिष्ट और जयवीर बिष्ट शामिल हैं। इन समितियों के निदेशक के लिए एक-एक नामांकन होने से उनका निर्विरोध चुनाव हुआ है। जबकि जखोली ब्लॉक से जशोदा देवी, अनीता देवी, सीमा देवी नामांकन कराए हैं।
इस ब्लॉक के लिए 6 सितम्बर को चुनाव होंगे। भाजपा के जिलाध्यक्ष उदय रावत ने बताया कि निर्विरोध चुने गए निदेशकों में अधिकांश भाजपा समर्थित हैं। जिससे 8 सितम्बर को होने वाले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भी भाजपा की जीत निश्चित है। उन्होंने सभी निदेशकों को बधाई दी है। इस मौके पर पूर्व विधायक धन सिंह नेगी आदि मौजूद रहे। बता दें कि निवर्तमान में भी टिहरी जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद भाजपा के सुभाष चंद रमोला और उपाध्यक्ष पद पर विनोद रावत काबिज थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी