एसआईआर के विरोध के बजाय आपत्तियों के निस्तारण में सहयोग करे कांग्रेस: मनवीर चौहान

 


देहरादून, 27 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने की यह संवैधानिक प्रक्रिया है, इसलिए कांग्रेस को विरोध करने के बजाय आपत्तियों के निस्तारण में सहयोग करना चाहिए।

मनवीर चौहान ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि निर्वाचन आयोग को दिए शिकायती पत्र में कांग्रेस ने एसआईआर के दौरान केवल एक धर्म विशेष के लोगों को परेशान किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के पुराने तुष्टिकरण के रवैये को दर्शाता है। उनके अनुसार सामान्य वर्ग और विभिन्न जातियों के लोगों को भी नोटिस मिल रहे हैं अथवा वे नाम हटाए जाने की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना सुनवाई के किसी मतदाता का नाम हटाया जाना संभव नहीं है। इसके बावजूद कांग्रेस एकतरफा आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह मतदाताओं तथा संवैधानिक संस्थाओं का सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ओर त्रुटिहीन मतदाता सूची की वकालत करती है और दूसरी ओर अनमैप्ड मतदाताओं तथा आपत्तियों को लेकर आरोप लगाती है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को किसी आपत्ति या नोटिस पर समस्या है तो उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर उतरकर मतदाताओं को जागरूक करना चाहिए तथा आवश्यक दस्तावेज पूरे कराने में सहयोग करना चाहिए।

मनवीर चौहान ने हल्द्वानी प्रकरण को जातीय रंग देने के कांग्रेस के प्रयास को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मैदान में सफाई कार्य करने वाली संस्था पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि उसका भाजपा से कोई संबंध नहीं है और भाजपा ने भी उसके कार्य का समर्थन नहीं किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धर्म और जाति के नाम पर माहौल को दूषित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है और जाति तथा धर्म के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश का जनता जवाब देगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय