हर घर तिरंगा अभियान से उत्तराखंड में देशभक्ति की अलख जगाएगी भाजपा

 


देहरादून, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड में हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित कर देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। अभियान के तहत 10 से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जिनमें घर-घर तिरंगा फहराने, तिरंगा यात्राओं, शहीदों के सम्मान और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट को अभियान का संयोजक बनाया गया है,जबकि गुंजन सुखीजा, गौरव पांडेय और विपुल मैंदोली को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब राष्ट्रभक्ति के जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि अभियान ने देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान,गौरव और आत्मीयता की भावना को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के साथ देश के विकास की यात्रा भी निरंतर आगे बढ़ रही है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित भारत का संकल्प साकार हो रहा है।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति तथा संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 10 से 14 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में युवा मोर्चा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। जिलों में राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के साथ बड़े स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इसमें समाज के प्रबुद्धजन, पूर्व सैनिक, सुरक्षा कर्मी, सामाजिक संगठन, युवा और महिला संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत बलिदानी स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। वहीं, देश और प्रदेश की सेवा में बलिदान देने वाले सैनिकों तथा पुलिस कर्मियों के परिवारों को सम्मानित करने के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अनुमति के बाद सीमा चौकियों पर जाकर सैनिकों का सम्मान करेंगे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय