नितिन नवीन और धामी ने पंत प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
हल्द्वानी, 10 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी के पंत पार्क में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस माैके पर े मुख्यमंत्री ने पंत पार्क में पंडित पंत की प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के देश और समाज के लिए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पंडित पंत उत्तराखंड की धरती के गौरव और सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में जन्मे पंत ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अंग्रेजी शासन के खिलाफ आवाज उठाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पंडित पंत उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने। उन्होंने प्रशासनिक सुधार, शिक्षा, कृषि और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए। केंद्रीय गृहमंत्री के रूप में उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान दिया। हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धामी ने कहा कि पंडित पंत का सादगी, ईमानदारी और जनसेवा से जुड़ा जीवन आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पंत फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक गोपाल रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता