कांग्रेस देवभूमि का माहौल खराब करने के लिए जातीय विद्वेष फैला रही : भाजपा

 




देहरादून, 28 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने हल्द्वानी प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर प्रदेश का माहौल खराब करने और जातीय विद्वेष का झूठा नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ कांग्रेस की शिकायत बेबुनियाद है और इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कांग्रेस की ओर से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के खिलाफ की गई शिकायतें केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने का प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि जब जातीय अपमान की कोई घटना हुई ही नहीं तो कांग्रेस द्वारा इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर देवभूमि की छवि खराब करने की कोशिश शर्मनाक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार दो चुनावों में हार का सामना कर चुकी कांग्रेस आगामी चुनाव में अपनी तीसरी हार सामने देखकर प्रदेश को जातियों में बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कभी जातीय भेदभाव या विद्वेष का माहौल नहीं रहा और प्रदेश की जनता सामाजिक सौहार्द के साथ रहती आई है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक स्तर इस हद तक गिर गया है कि वह अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी कथित झूठे और समाज विरोधी नैरेटिव में शामिल कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना वजह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को विवाद में घसीटे जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है।

महामंत्री परिहार ने कहा कि देवभूमि की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझती है और प्रदेश के माहौल एवं छवि को खराब करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशवासियों के सहयोग से ऐसी कथित विभाजनकारी राजनीति का मुकाबला करेगी।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय