बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किया संघर्ष
नई टिहरी, 15 नवंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर जागरूकता और विचार गोष्ठी कराई गई। जिसका उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान, सांस्कृतिक विरासत सहित सामाजिक व आर्थिक विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
रविवार को खाड़ी महाविद्यालय में कार्यक्रम संयोजक डॉ. ईरा सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी, संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक चेतना व ब्रिटिश शासन के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक आंदोलन पर प्रकाश डाला। कहा बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन तथा सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया।
महाविद्यालय की स्वीप की नोडल अधिकारी डॉ. मीना ने मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया, मतदान के महत्व के विषय से रूबरू कराया। समापन पर प्राचार्य प्रो. एके सिंह ने कहा कि भारत के विकास एवं राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों से जनजातीय समुदायों के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए शोध, अनुसंधान तथा परियोजनाओं के निर्माण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी