बिरला परिसर श्रीनगर बना अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल का चैंपियन

 


नई टिहरी, 30 सितंबर (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल टिहरी में आयोजित अंतर महाविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब बिरला परिसर श्रीनगर ने जीत लिया। विजेता टीम को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बुधवार को बादशाहीथौल में वॉलीबाल प्रतियोगिता का परिसर निदेशक प्रोफेसर एए बौडाई, पूर्व निदेशक प्रो. डीएस कैंतुरा, प्रो. आरसी रमोला, क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. पीडी सेमल्टी, उप अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. जेडीएस नेगी और आयोजक सचिव प्रो. केसी. पेटवाल ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। निदेशक बौड़ाई ने कहा कि खेल हमें अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण करने में सहायता करते हैं।

पहला मुकाबला में एसआरटी परिसर टिहरी ने पौड़ी परिसर को 25-20, 23-25, 25-21 हराया। वहीं पैठाणी महाविद्यालय ने डीबीएस कॉलेज देहरादून को 25-20 से पराजित किया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून ने मेजबान टिहरी परिसर को 25-16, 25-20 जबकि दूसरे सेमीफाइनल में बिरला परिसर श्रीनगर ने पैठाणी महाविद्यालय को 25-12 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल में बिरला परिसर ने डीएवी को कड़े मुकाबले में 25-21, 25-23 से हराकर चैंपियनशिप जीत ली।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी