भट्ट और बुटोला की भूख हड़ताल तीसरे दिन जारी, जीओ जारी करने की मांग
नई टिहरी, 14 नवंबर (हि.स.)। टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण करने की मांग को लेकर धरना 104 वें दिन जारी है। वहीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट और छात्र नेता राहुल बुटोला की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी तीसरे दिन भी जारी रही। उन्होंने शासन-प्रशासन पर उपेक्षा आरोप लगाते हुए कहा कि वह आंदोलन को गंभीरता से न ले रहा है। जिससे आंदोलनकारियों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
आज भी मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व गणेश चौक बौराड़ी में धरना और भूख हड़ताल जारी। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में लंबे समय से मेडिकल की स्थापना से लेकर जिला अस्पताल बौराड़ी को अपग्रेड कर बेस अस्पताल बनाने की मांग की जा रही है। लेकिन उनकी न्यायोचित मांग पर सरकार कोई कार्यवाही नहीं कर रही है।
कहा कि टिहरी के लोग अपने हक की लड़ाई को अंतिम सांस तक जारी रखेंगे। अनशन पर बैठे जीतराम भट्ट ने कहा कि अनशन को तीन दिन होने पर भी उनका और उनके साथ राहुल बुटोला का मेडिकल परीक्षण तक नहीं किया जा रहा है। वार्ता को लेकर भी प्रशासन की ओर से कोई भी पहल नहीं की जा रही है।जिससे साफ है कि उनके आंदोलन को हल्के में लिया जा रहा है।
इस मौके पर नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल, कमल सिंह महर, डॉ.यूएस नेगी, किशोरी लाल चमोली, नरोत्तम जखमोला, महावीर उनियाल, सोहन सिंह राणा, एसएस मखलोगा, विजय नेगी, भगवान देई तोपवाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी