भास्कर का एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में चयन, क्षेत्र में खुशी
नैनीताल, 24 मई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र के उदीयमान युवा भास्कर जोशी का भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) में एग्जीक्यूटिव (इंजीनियरिंग इलेक्ट्रिकल) पद पर चयन हुआ है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्रानगर-2 बिंदुखत्ता निवासी स्वर्गीय पूरन चंद्र जोशी के पुत्र भास्कर वर्तमान में आईआईटी रुड़की से एमटेक कर रहे हैं। उन्होंने गेट परीक्षा में 98.33 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर 1132वीं रैंक हासिल की थी। इसके आधार पर उनका चयन आईआईटी रुड़की में सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विषय में एमटेक के लिए हुआ।
उन्होंने वर्ष 2021 में गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, पौड़ी गढ़वाल से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया और इसके बाद भी बिना किसी कोचिंग के स्वयं पढ़ाई जारी रखते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी।
उल्लेखनीय है कि कि भास्कर के बड़े भाई रोहित जोशी नोएडा में टाइम्स ऑफ इंडिया समूह में और दूसरे भाई दीप जोशी क्षेत्र के पत्रकार हैं। उनके चाचा मोहन चंद जोशी एक निजी कंपनी से इलेक्ट्रिकल विभाग के प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
भास्कर की इस उपलब्धि पर सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल व गोविंद सिंह बिष्ट, सेंचुरी पेपर मिल के सीईओ अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष नरेश चंद्र, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, हरेंद्र बोरा, राजेंद्र खनवाल, पालिकाध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी, हेमवतीनंदन दुर्गापाल, लक्ष्मण खाती सहित अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी