22 प्रतिभाओं को मिला ‘भारत गौरव पुरस्कार’, राज्यपाल बोले- सम्मान के साथ बढ़ती है जिम्मेदारी

 


देहरादून, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 प्रतिभाओं को ‘भारत गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इस मौके पर पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि सम्मान उनकी उपलब्धियों की स्वीकृति के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि सफलता के पीछे अनुशासन, निरंतर परिश्रम, सीखने की ललक और चुनौतियों के बीच लक्ष्य पर टिके रहने का संकल्प महत्वपूर्ण होता है।

राजपुर रोड स्थित एक होटल में भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में राज्यपाल ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान समाज में बेहतर और उत्कृष्ट कार्य की संस्कृति को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देने के लिए फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

राज्यपाल ने कहा कि किसी व्यक्ति की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं होती। जब किसी की प्रतिभा समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देती है तो उसकी उपलब्धि पूरे देश की उपलब्धि बन जाती है। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, खेल, स्टार्टअप, उद्योग, कला और सामाजिक सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। महिलाओं और बेटियों की बढ़ती भागीदारी सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।

उन्होंने पुरस्कार विजेताओं से अपने अनुभव अगली पीढ़ी के साथ साझा करने, युवाओं का मार्गदर्शन करने तथा जरूरतमंदों के जीवन में अवसर और आशा पैदा करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली, जिम्मेदार और चरित्रवान नागरिकों से होगा। देश की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और उपलब्धियों को समाज एवं राष्ट्र की प्रगति से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा।

समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन के अध्यक्ष अंजनी कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संदेश यादव, सदस्य आकाश पांडे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भारत गौरव पुरस्कार 2026 के प्रमुख विजेता: परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव, प्रधान वन संरक्षक कर्नाटक मीनाक्षी नेगी, पंजाब सरकार के प्रधान सचिव राहुल भंडारी, डॉ. कुंदन यादव, डॉ. ललिता कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता सोहिनी बडवेलु, ऐश्वर्या कुर्रा, अर्जुन पुरस्कार विजेता दीपक निवास हुड्डा, श्रुति मालपानी, पूर्व स्क्वाड्रन लीडर प्रफुल्ल राज सिंह, अनुपमा यादव, विधायक संतू पान, यूसीडीएफ के जयदीप अरोड़ा, फिट इंडिया के एंबेसडर शिवम गहलोत और सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।

लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार: भानु प्रकाश रेड्डी, तेजेंद्र पाल त्यागी और पूर्व प्रधान वन संरक्षक समीर सिन्हा को प्रदान किया गया।

भारत युवा पुरस्कार 2026: एनएमएफ न्यूज के प्रधान संपादक गुड्डू खेतान, अंतरराष्ट्रीय शो जम्पर अब्बास खान, सामाजिक कार्यकर्ता अमित चंदेला और गौ सेवक विराट आर्य को दिया गया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय