बेस अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर नहीं, समिति ने जताया आक्रोश
हल्द्वानी, 24 अगस्त (हि.स.)। सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए पर्चा काउंटर व ओपीडी में प्राथमिकता की कोई व्यवस्था न होने पर वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति की क्विक रिएक्शन कमेटी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी के समक्ष गहरी नाराजगी व्यक्त की।
मामला तब सामने आया जब समिति के वरिष्ठ सदस्य कन्हैयालाल गुप्ता दांत दर्द के इलाज हेतु दो दिन पूर्व अस्पताल आए थे, लेकिन भीड़ के कारण पर्चा तक नहीं बनवा सके। सोमवार सुबह 10:30 बजे समिति की टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। पर्चा काउंटर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए कहीं कोई सूचना अंकित नहीं थी। पूछने पर बताया गया कि काउंटर नंबर-3 पर पर्चा बनेगा। ओपीडी में भी फिजीशियन और हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर लंबी लाइनें और घुटन भरा माहौल था।
टीम ने सीएमएस से भेंट कर स्थिति से अवगत कराया। *इस पर सीएमएस डॉ. तिवारी ने तत्काल प्रबंधक मिथिलेश बिष्ट को बुलाकर वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों के लिए पृथक पर्चा काउंटर और ओपीडी में प्राथमिकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमएस ने बताया कि स्टाफ की कमी से समस्या है और आउटसोर्सिंग से स्वास्थ्य सहायकों की नियुक्ति का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
समिति के उपाध्यक्ष एवं क्विक रिएक्शन कमेटी के मुख्य संयोजक रमेश चंद्र पांडे ने कहा कि उच्च स्तर से वरिष्ठ नागरिकों और विकलांग जनों को प्राथमिकता देने हेतु समय समय पर जारी आदेशों के बावजूद यह स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है । उन्होंने गम्भीर सवाल उठाते हुए कहा कि ओपीडी में धक्का-मुक्की और घुटन भरे माहौल में चिकित्सक मरीज के मर्ज को कैसे समझेगा, इस अवसर पर अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्र सिंह नेल्टिया, उपाध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे, महासचिव डी.के. पांडे, संयुक्त सचिव डी.के. पंत, एस.डी. तिवारी, ललित मोहन लोहनी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, कन्हैयालाल गुप्ता आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता