बदहाल सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

 


हल्द्वानी , 31 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की बदहाल सड़कों, राजपुरा क्षेत्र में जगह-जगह बने गड्ढों और सुशीला तिवारी, महिला बेस अस्पताल की खराब स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान हेमंत साहू ने कहा कि राजपुरा समेत पूरे हल्द्वानी की सड़कें बदहाल हैं और गड्ढों के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासनिक लापरवाही और सरकार की उदासीनता के चलते जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

वहीं सुशीला तिवारी महिला बेस अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं और अव्यवस्थाएं सरकार के स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के दावों की पोल खोल रही हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़कों का निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।पूर्व पार्षद राजेंद्र बिष्ट और संदीप भसोड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है।

गरीबों और छोटे दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जसविंदर भसीन और रेखा जाटव ने कहा कि जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।प्रदर्शन में राजों टंडन, इशाक खान, कौशलेन्द्र भट्ट, संजू उप्रेती, ज्योति आर्या, रेनू आर्या, पंकज कश्यप, सहिमा सिद्दीकी, नरेश जाटव, नीरज कुमार, गोपाल कुमार, पार्वती जाटव, एंजल, अंशिका सिंह, खुशबू कश्यप और नवल आर्या सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता