मिशन कर्मयोगी में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर डॉ. अशोक कुमार मिश्र ‘क्षितिज’ होंगे सम्मानित

 


देहरादून, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड सचिवालय में सेवारत डॉ. अशोक कुमार मिश्र ‘क्षितिज’ को भारत सरकार के अत्यंत महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘मिशन कर्मयोगी’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश मुख्य सचिव द्वारा सम्मानित किया जाएगा। डॉ. मिश्र ने ‘मिशन कर्मयोगी’ के तहत उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए कुल 184 प्रमाण पत्र अर्जित किए हैं।

उत्तराखंड सचिवालय में कार्यरत डाॅ मिश्र कभी निर्धन बच्चों को पढ़ाने तो कभी गरीब युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए समर्पित रहे हैं। सरकारी कामकाज के साथ ही वे महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उन्हें प्रशिक्षित करते हैं तो शिक्षकों को विश्वस्तरीय शिक्षण गतिविधि के लिए भी तैयार करते हैं। डॉ मिश्र एक अधिकारी के साथ-साथ कवि, साहित्यकार, गायक, वैज्ञानिक अभिरुचि रखने वाले भी हैं।

डॉ मिश्र गंगा बचाओ अभियान से भी जुड़े रहे हैं। गंगा बचाओ अभियान के तहत डॉ मिश्र एक वीडियो एलबम ‘मां गंगा की पुकार’ का हिस्सा भी रहे हैं। गायन और अभिनय में भी अभिरुचि डॉ मिश्र हिन्दी, भोजपुरी, पहाड़ी भाषाओं के स्वरचित गीत के गायन में अभिरुचि रखते हैं। उनके द्वारा लिखे एवं गाये गये भोजपुरी और पहाड़ी गाने ‘यूट्यूब’ चैनल पर धूम मचा रहे हैं। इनके द्वारा गाये गये भोजपुरी गाना ‘चेहरा गुलाब सा’ तथा पहाड़ी गाना ‘पहाड़ा तू नी छोड़’ (जो पलायन की पीड़ा को व्यक्त कर रहा है) को बहुत सराहना मिल रही है।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत लोक भवन देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार मिश्र ‘क्षितिज’ ने अपनी रचना ‘देवभूमि उत्तराखंड मेरी जान है, मेरी वीरभूमि स्वर्ग से महान है’ गीत को अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत किया था। डॉ. मिश्र की इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने लोक भवन के प्रेक्षागृह में मौजूद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश से आईं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, विधायक सविता कपूर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों और उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल