बीरोंखाल में बहुउद्देशीय शिविर, 120 करोड़ से होंगे जलागम के कार्य

 


पौड़ी गढ़वाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को बीरोंखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

महाराज ने बताया कि चौबट्टाखाल विधानसभा की 78 ग्राम पंचायतों में से 68 में वर्ष 2024 से 2030 तक जलवायु अनुकूल वर्षा आधारित कृषि परियोजना (जलागम) के तहत कार्य किए जा रहे हैं। बीरोंखाल क्षेत्र में इस परियोजना पर करीब 120 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मैठाणाघाट और स्यूंसी में परियोजना संचालन के लिए तीन यूनिट गठित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक सिंचाई के लिए 12 एलडीपीई और सात वाटर हार्वेस्टिंग टैंक तैयार किए गए हैं। उद्यान के लिए 10 ड्रिप सिंचाई प्रदर्शन इकाइयां, सब्जी उत्पादन की 30 और मल्चिंग तकनीक की 57 इकाइयां स्थापित की गई हैं। इसके अलावा नौ वर्मी कंपोस्ट, 21 बायो-कंपोस्ट इकाइयां और 90 पॉलीटनल लगाए गए हैं। बकरी नस्ल सुधार के लिए 21 बकरे भी वितरित किए गए हैं।

कृषि प्रदर्शन इकाइयों के तहत रबी फसलों के लिए गेहूं, सरसों, मटर, आलू और लहसुन का बीज 45 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए वितरित किया गया। खरीफ में मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और स्वीट कॉर्न का बीज 102 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए दिया गया है। सब्जी व मसाला उत्पादन के लिए टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, भिंडी, फ्रासबीन, हल्दी और अदरक का बीज 25 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए वितरित किया गया।

शिविर में मंत्री ने 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज बीरोंखाल के नवीन भवन और कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया। 21.40 लाख रुपये से बने राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवीन भवन और रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया।

उन्होंने चितौणखाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए चार लाख और हिंडोला गैरी से हनुमान गद्दी-बड़ेस ढय्या तक संपर्क मार्ग के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

महाराज ने कहा कि सरकार दूरस्थ गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि को जलवायु अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। सेवा संकल्प अभियान के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

शिविर में समाज कल्याण बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप, ग्राम प्रधान अंजली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिया देवी, एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीईओ वर्षा भारद्वाज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह