नाराज लोगों ने सीएचसी थत्यूड़ में प्रदर्शन कर ओपीडी बंद कराईं

 


नई टिहरी, 03 सितंबर (हि.स.)। मृतक परिजनों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में पोस्टमार्टम नहीं होने से नाराज स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने ओपीडी सेवाएं बंद कराकर विरोध दर्ज किया।

आक्रोशित लोगों ने अस्पताल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीषा भारती को निलंबित करने की मांग की। बाद में सीएमओ डॉ. रामप्रकाश के हस्तक्षेप के बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी भारती को पीएचसी सत्यो अटैच किया गया। डॉ. प्रवीन को सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बता दें कि जौनपुर के पापरा गांव निवासी प्रेमलाल चमोली (44) बीते बुधवार शाम थत्यूड़ बाजार में सब्जी की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में अचानक गिरने से उनके सिर पर चोट लग गई। परिजन उन्हें रात 8 बजे सीएचसी थत्यूड़ लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वीरवार सुबह ग्रामीणों ने प्रभारी चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराने के संबंध में बात की। उन्होंने कहा पोस्टमार्टम की सुविधा नहीं है।

नाराज ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर ओपीडी सेवाएं बंद करा दी। आरोप लगाया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी का हमेशा ही व्यवहार खराब रहता है। सीएमओ डॉ. रामप्रकाश अपराह्न 12 बजे अस्पताल पहुंचे। बताया कि पोस्टमार्टम जिला अथवा उप जिला अस्पताल में होते हैं। अब मृतक का पोस्टमार्टम मसूरी अस्पताल में कराया गया।

प्रदर्शन करने वालों भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री अकबीर पंवार, दीपक सजवाण, गौरव तिवारी, रघुवीर नौटियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील भट्ट, महामंत्री राकेश सजवाण, रामप्रकाश भट्ट, बीडीसी सदस्य अनीश कुमार और खेमराज भट्ट मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी