आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’, पोषण-स्वास्थ्य पर जागरूकता

 


पौड़ी गढ़वाल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थलीसैंण के ऐंठी और जयहरीखाल के भितरा आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

थलीसैंण के ऐंठी केंद्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य व नियमित देखभाल पर चर्चा की। वहीं जयहरीखाल के भितरा केंद्र में ग्रामीणों और अभिभावकों ने सहभागिता की।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण व स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा समुदाय की भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए नियमित रूप से आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह