बारिश से सुहावने मौसम के बीच नैनीताल में पर्यटकों की भीड़
नैनीताल, 03 जून (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल में अब ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र अपने चरम पर आ गया लगता है। ऐसे में अब यहां सप्ताह के बीच के दिनों में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। बुधवार को सप्ताह के बीच नगर में छह हजार से अधिक सैलानियों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
नगर में प्रातः मौसम साफ रहने और धूप खिलने से पर्यटकों ने विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया, जबकि दोपहर बाद मौसम बदलने के साथ हुई रिमझिम बारिश ने वातावरण को और सुहावना बना दिया।
ऐसे में माल रोड सहित नगर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। बारिश के दौरान अनेक पर्यटकों ने बैंड स्टैंड में रुककर मौसम का आनंद लिया। नगर का अधिकतम तापमान मौसम विभाग के अनुसार 25 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को पर्यटक वाहनों का दबाव अपेक्षाकृत थोड़ा कम रहने से पुलिस ने रूसी बाईपास पर वाहनों को नहीं रोका।
हालांकि शाम के समय कैंची धाम से लौट रहे पर्यटक वाहनों के कारण भवाली मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी। इधर बस स्टेशन पर भी पर्यटकों की भीड़ बनी रही।
बताया गया कि पिछले तीन दिनों से बसों की उपलब्धता कम होने के कारण यात्रियों को लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। बसें नहीं मिलने पर कई पर्यटकों को टैक्सी के माध्यम से हल्द्वानी और काठगोदाम की यात्रा करनी पड़ रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी