नाले के तेज बहाव में बही तीन वर्षीय बच्ची, मौत
नैनीताल, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों के साथ नैनीताल जनपद में रात्रि से ही हो रही तेज वर्षा के बीच निकटवर्ती भीमताल में बाईपास मार्ग पर मंगलवार सुबह एक तीन वर्षीय बच्ची नाले के तेज बहाव में बह गयी और लगभग आधा किलोमीटर दूर भीमताल झील तक पहुंच गयी। घटना में बच्ची की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमताल बाईपास निवासी भुवन कुमार की तीन वर्षीय पुत्री पल्लवी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर के पास से बह रहे नाले के तेज बहाव में बह गई। बच्ची को बहता देख परिजनों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बहते हुए आंखों से ओझल हो गयी। ऐसे में परिजनों ने स्वयं भी उसे तलाशने के साथ घटना की सूचना पुलिस को भी दी। पुलिस भी परिजनों के साथ बच्ची को तलाशने में जुटी।
आखिर लगभग आधे घंअे के बाद घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर भीमताल झील किनारे बोट स्टैंड के पास बच्ची मिली। उसे अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. जितेंद्र ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि लगभग 11.30 बजे स्थानीय लोग और पुलिस बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
बच्ची को बचाने के लिए सीपीआर तथा आवश्यक जीवनरक्षक औषधि देकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी