शान-ए-टिहरी प्रतियोगिता में अंबिका, साहिल और सौरभ ने मारी बाजी

 




नई टिहरी, 29 नवंबर (हि.स.)। नगर पालिका टिहरी की ओर से आयोजित त्रिवेणी कौथिग की तृतीय सांस्कृतिक संध्या में सुरगंगा संगीत विद्यालय सहित स्थानीय शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की स्पर्धात्मक कार्यक्रमों ने दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। इस दौरान आयोजित शान-ए-टिहरी प्रतियोगिता के नृत्य वर्ग में अंबिका भट्ट, गायन में साहिल और वाद्य वादन वर्ग में सौरभव विजेता बने।

शनिवार शाम को बौराड़ी स्टेडियम में सांस्कृतिक संध्या का सीडीओ वरूणा अग्रवाल और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने शुभारंभ किया। सीडीओ वरूणा ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन मील के पत्थर साबित होंगे। कहा कि छात्र-छात्राओं ने जिस तरह से प्रस्तुतियां दी, ऐसा लगा जैसे कोई मंझे हुए कलाकार हों। उन्होंने शहर में सांस्कृतिक उत्थान के लिए कार्य कर रहे सुरगंगा संगीत विद्यालय की जमकर सराहना की।

पालिकाध्यक्ष रावत ने कहा कि सामूहिक सहयोग से मेला शबाब पर है। सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के निदेशक गौतम बिष्ट ने कहा कि प्रतिभाओं को मंच देने का यह बड़ा प्लेटफार्म है। शान-ए-टिहरी प्रतियोगिता के संयोजक व सुरगंगा संगीत विद्यालय के निदेशक डॉ. विकास फोंदणी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना सहित जिले की कला, संगीत और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।

ग्रैंड फिनाले में नृत्य वर्ग में अनुष्का द्वितीय, कृति बिजल्वाण ने तृतीय गायन वर्ग शुभम द्वितीय, दिया ने तृतीय जबकि वाद्य वादन वर्ग में आयुष कैंतुरा ने द्वितीय और यश बहुगुणा तृतीय रहे। निर्णायक मंडल में वर्षा रावत, आदित्य सिंह, गौरव कुमार शामिल रहे। वहीं सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल नई टिहरी के छात्र-छात्राओं के जीत बगड़वाल और वीर भड़ माधो सिंह भंडारी, सुरगंगा संगीत विद्यालय की ओर से गंगा की व्यथा भावपूर्ण नृत्य-नाटिका आकर्षण का केंद्र रही।

स्वस्तिका फोंदणी ने कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। डॉ. विकास फोंदणी ने हे भागीरथी-हे भिलंगना गीत से उत्तराखंड की नदियों, प्रकृति और सांस्कृतिक अस्मिता कीसंगीतमय अभिव्यक्ति दी। वहीं उत्तराखंडी परिधान रैंप शो में महिलाओं ने प्रतिभा दिखाई।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी