बुआखाल-कंडोलिया-टेका मोटर मार्ग चौड़ीकरण की संभावनाओं को लेकर हो रहा सर्वे

 

पौड़ी गढ़वाल, 26 अगस्त (हि.स.)। बुआखाल-कंडोलिया-टेका मोटर मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेड़ों के कटान के लिए छपान किए जाने संबंधी प्रसारित खबरों का प्रांतीय खंड पौड़ी ने खंडन किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में मोटर मार्ग पर पेड़ों के कटान के लिए किसी तरह का छपान कार्य नहीं किया जा रहा है।

प्रांतीय खंड पौड़ी के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल ने बताया कि मोटर मार्ग के चौड़ीकरण की संभावनाओं को देखते हुए फिलहाल विभिन्न पहलुओं का सर्वे और व्यवहारिकता का आकलन किया जा रहा है। इसमें मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान आने वाले पेड़ों के साथ ही आसपास स्थित मकान, विद्युत लाइन, जलापूर्ति लाइन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चौड़ीकरण की वास्तविक संभावनाओं और इसकी व्यवहारिकता का आकलन पूरा होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल पेड़ों के कटान को लेकर कोई छपान कार्य नहीं किया जा रहा है।

अधिशासी अभियंता ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन खबरों को भ्रामक बताया, जिनमें मार्ग चौड़ीकरण के लिए पेड़ों के कटान की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी सूचना पर विश्वास न करें और भ्रामक खबरों को प्रसारित करने से बचें।

विभाग के अनुसार बुआखाल-कंडोलिया-टेका मोटर मार्ग के चौड़ीकरण की संभावनाओं को लेकर सर्वे के दौरान सड़क की स्थिति और मार्ग में आने वाले विभिन्न निर्माण एवं सुविधाओं का भी परीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी कार्ययोजना को व्यवहारिक और व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह