आंदोलनकारियों ने सीएम को खून से लिखे पोस्टकार्ड भेजे

 


नई टिहरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर बेमियादी धरने के 36 वें दिन संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को खून से लिखे पोस्टकार्ड भेजे। उन्होंने जल्द से जल्द नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्वीकृति की मांग की।

मंगलवार को बौराड़ी गणेश चौक पर चल रहे धरने के दौरान आंदोलनकारियों ने खून निकालकर पोस्टकार्ड पर मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग लिखी और मुख्यमंत्री को भेजे। कहा कि टिहरी के लोगों ने देश को बिजली देने के लिए अपने घर, खेत और शहर तक का बलिदान दिया है। इसके बावजूद टिहरी को मेडिकल कॉलेज की जरूरी स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पाई है। कहा गंभीर बीमारी और बेहतर इलाज के लिए लोगों को ऋषिकेश और देहरादून के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण टिहरी के लोगों की जरूरत और हक है। लंबे समय से मांग उठाए जाने और घोषणा के बावजूद इस दिशा में ठोस निर्णय न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, सह संयोजक भगवान सिंह रावत, कुलदीप पंवार आदि ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। कहा जब तक इस संबंध में ठोस निर्णय नहीं होता, वे पीछे नहीं हटेंगे।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, देवेंद्र नौडियाल, टीकम सिंह चौहान, विजय नेगी, आशा रावत, मनीष पंत, संदीप सिंह रावत, अनिता देवी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी