चारधाम यात्रा: खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए छापेमारी के निर्देश
हरिद्वार, 28 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद में संचालित होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंट्स में लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की मिलावट या ओवररेटिंग पर रोक लगाई जा सके।
सहायक आयुक्त/जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने जानकारी दी कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में यह अभियान चलाया जा रहा है।
उपायुक्त खाद्य सुरक्षा (गढ़वाल मंडल) आर एस रावत के नेतृत्व में गठित टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पांडेय, कैलाश चन्द्र टम्टा, कपिल देव तथा मंडी निरीक्षक अजय यादव शामिल रहे।
फल मंडी में जांच, 8 नमूने लिए गए
खाद्य सुरक्षा टीम ने ज्वालापुर स्थित सराय रोड की फल एवं सब्जी मंडी में थोक और खुदरा विक्रेताओं का निरीक्षण किया। इस दौरान फलों को पकाने में इस्तेमाल हो रही एथिलीन गैस और पाउच सहित कुल 8 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। टीम ने मौके पर तरबूज, खरबूज, आम और केले की भौतिक जांच की तथा यह सुनिश्चित किया कि कहीं कृत्रिम रंग या खतरनाक रसायनों का उपयोग तो नहीं हो रहा। प्रारंभिक जांच में कैल्शियम कार्बाइड या कृत्रिम रंगों का उपयोग नहीं पाया गया। सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान एथिलीन गैस और पाउच बनाने वाली कंपनियों को नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किए गए। मैसर्स नीलकंठ इंटरप्राइजेज (राजस्थान) को गैस सिलेंडरों पर आवश्यक विवरण फूड लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, बैच नंबर और एक्सपायरी डेटकृन होने पर नोटिस दिया गया। एम.एम. ट्रेडर्स (साहिबाबाद, गाजियाबाद) को भी उत्पाद से संबंधित जरूरी दस्तावेज और लैब रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटखोरी या नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों और यात्रियों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला