डीएम ने सुनी जनसमस्याएं, 17 में से 10 को किया मौके पर निस्तारण

 


हरिद्वार, 02 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 17 शिकायतें,समस्याएं दर्ज कराई गई। 10 समस्याओं का मौके पर निस्तारण करते हुए शेष समस्याओं को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया। जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व,भूमि विवाद,विद्युत,राशन,अतिक्रमण, पेयजल आदि से संबंधित समस्या दर्ज कराई गई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता द्वारा जो भी समस्याएं दर्ज कराई जा रही हैं उन समस्याओं को त्वरित एवं समयबद्धता के साथ निराकरण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों पर स्थलीय निरीक्षण किया जाना है,संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करें।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि कोई भी शिकायतकर्ता व्यक्ति अपनी शिकायत को दुबारा जन सुनवाई में लेकर न पहुंचे,यदि कोई व्यक्ति अपनी शिकायत को लेकर दुबारा जन सुनवाई में आता है तथा शिकायत संबंधित अधिकारी द्वारा निस्तारित की जा सकती थी एवं समय पर शिकायत का निस्तारण नहीं किया गया तो ऐसे अधिकारियों की विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

वहीं दूसरी ओर बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सीएम हेल्प लाइन में जो भी शिकायते दर्ज की जा रही है,उनको सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ निरंकरण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक जो भी शिकायते लंबित है उनका निराकरण तत्परता से करें।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला