डेंगू रोकथाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, मानसून से पहले तैयारियां
हरिद्वार, 16 मई (हि.स.)। डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय सभागार में डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, तहसील और विकासखंड स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ने कहा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में डेंगू के प्रकोप को प्रभावी रूप से रोका जा सके। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, जिला पंचायत, पंचायतीराज, शिक्षा विभाग तथा बाल विकास विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई अभियान चलाकर डेंगू के लार्वा को पनपने से रोका जाए।
उन्होंने जिला चिकित्सा अधिकारी और जिला मलेरिया अधिकारी को कहा कि डेंगू जांच की पर्याप्त व्यवस्था, मरीजों के लिए विशेष वार्ड, ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स की उपलब्धता और आवश्यक दवाइयों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया जाए तथा बच्चों को पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनाकर स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में कम से कम एक घंटा अपने घर और आसपास की सफाई के लिए अवश्य निकाले, ताकि कहीं भी पानी जमा न हो और डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने की संभावना समाप्त की जा सके।
बैठक में डॉ ललित नारायण मिश्र, डॉ आर के सिंह, निशा यादव सहित स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला