अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयुष विभाग चलाएगा डिजिटल योग जन जागरण अभियान
हरिद्वार, 21 मई (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जनपद हरिद्वार में आयुष विभाग द्वारा विशेष डिजिटल योग जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक के निर्देशन में संचालित होगा, जिसका उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने बताया कि योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में एक व्यापक जनआंदोलन है।
अभियान के सफल संचालन के लिए . डा भास्कर आनंद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. विकास दुबे एवं डॉ. अश्वनी कौशिक को सह-नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा आयुष मिशन विशेषज्ञ एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय को जनपद स्तर पर गतिविधियों के समन्वय व प्रचार-प्रसार का दायित्व दिया गया है।
आयुष विभाग ने सभी आयुष चिकित्सालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और स्वास्थ्य इकाइयों में तैनात कर्मचारियों को नमस्ते योग ऐप एवं योग ब्रेक ऐप डाउनलोड कर आमजन को भी योग से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, मानसिक दबाव और असंतुलन के बीच योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। नियमित योगाभ्यास शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
आयुष विभाग द्वारा आगामी दिनों में विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योग अभ्यास, योग जागरूकता कार्यक्रम और विशेष जनसंपर्क अभियान भी संचालित किए जाएंगे। विभाग ने सभी नागरिकों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला