चारधाम यात्रा को प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम
हरिद्वार,10 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार काे जनपद के सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भोजन की गुणवत्ता पर सख्ती
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग में संचालित होटल,ढाबों और रेस्टोरेंट्स में लगातार निरीक्षण किया जाए। खाद्य पदार्थों में मिलावट और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई होगी। बस स्टेशन, पीठ बाजार और भेल सेक्टर-04 में छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें जांच के दौरान 33 खाद्य नमूनों की जांच की गई। कई नमूने अधोमानक पाए जाने पर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई और नोटिस जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल लैब द्वारा मौके पर ही जांच कर लोगों को जागरूक भी किया गया। पेट्रोल पंपों पर सुविधाओं की जांच चारधाम यात्रियों को राहत देने के लिए पेट्रोल पंपों पर जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि 9 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। पेट्रोल पंपों पर शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई में खामियां मिलने पर नोटिस जारी किए जाएंगे। सभी पंपों पर पुरुष और महिला शौचालय अनिवार्य किए गए हैं। सफाई अभियान तेज यात्रा मार्ग और शहर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान जारी है। उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले। मुख्यमंत्री का स्पष्ट विजन मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा पूरी तरह से व्यवस्थित,सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सहज अनुभव बने। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक मशीनरी पूरी सक्रियता के साथ काम कर रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला