भीमताल में गौवंशीय पशुओं के परिवहन पर कार्रवाई, तीन आरोपित गिरफ्तार
नैनीताल, 16 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद के भीमताल थाना क्षेत्र में जंतवालगांव और सूर्यागांव के बीच एक मिनी ट्रक में गौवंशीय पशुओं को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाए जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वाहन को भी अभिरक्षा में ले लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों ने मिनी ट्रक में तीन गौवंशीय पशुओं को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाये जाने की संदिग्ध गतिविधि को देखकर वाहन को रोककर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पशुओं को अवैध रूप से वध के उद्देश्य से ले जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपितों से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भीमताल पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपित भीमताल क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। इनमें मिनी ट्रक का चालक भी शामिल है जो संप्रदाय विशेष से संबंधित हैं। तीनों को अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी