यूपी के भाजपा विधायक के पुत्र पर कार्रवाई, वाहन सीज
नैनीताल, 02 अप्रैल (हि.स.)। मॉल रोड पर यातायात व्यवस्था के दौरान बिना अनुमति हूटर बजाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक वाहन का चालान कर उसे सीज कर दिया। वाहन में सवार युवक ने स्वयं को पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की जहानाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक का पुत्र बताते हुए आपत्ति जताई, जिस पर मौके पर तैनात उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक ने कार्रवाई की।
घटना के अनुसार जाम के दौरान एक वाहन संख्या यूपी33वी-0003 के चालक के द्वारा हूटर बजाया जा रहा था। उप जिलाधिकारी खलीक ने वाहन रुकवाकर कारण पूछा, जिस पर संतोषजनक उत्तर न मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान किया गया और वाहन को सीज कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी के लिए कानून समान रूप से लागू है। बताया गया है कि युवक ने अपना परिचय उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का पुत्र के पुत्र राहुल पटेल के रूप में दिया था। घटना के दौरान वह अपनी सफेद रंग की कार में था।
कार जब मॉल रोड के जाम में फंसी, तो उसने हूटर बजाना शुरू कर दिया। हूटर बजता देख यातायात नियंत्रित करने के लिए खड़े एसडीएम नवाजिश खलीक ने गाड़ी रुकवा ली। इस पर राहुल ने अपनी गलती मानने की जगह पुलिस कर्मियों व एसडीएम पर धोंस जमाने का प्रयास करते हुए कहा-‘तुम हमें नहीं जानते, पापा विधायक हैं हमारे’। यह सुनकर एसडीएम और भड़क गए। उन्होंने तत्काल गाड़ी में सवार राहुल को बाहर निकलने को कहा। उसके चालक को भी बाहर बुलाया।
दोनों बाहर निकले तो एसडीएम ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को उस पर कार्रवाई करने के लिये निर्देशित किया। इस पर पुलिस कर्मियों ने भी बिना किसी दबाव में आए तुरंत मोटर वाहन अधिनियम के तहत गाड़ी का चालान काट दिया। साथ ही कार को मौके पर ही सीज कर दिया। इस दौरान विधायक का बेटा अपने फोन से किसी को कॉल भी मिलाता दिखा लेकिन उसका चालान कट ही गया। इस दौरान माल रोड पर लंबा जाम भी लग गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी