शराब की ओवररेटिंग पर कार्रवाई, 3 लाख हजार रुपये जुर्माना वसूला

 

नैनीताल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में मदिरा की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में अनियमितताएं पाए जाने पर 3 लाख 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जनपद की तहसील नैनीताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल एवं लालकुआं क्षेत्रों में देशी एवं विदेशी मदिरा की दुकानों का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान कई दुकानों में अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दरों पर मदिरा के विक्रय सहित अन्य अनियमितताएं सामने आईं। प्रशासन ने आबकारी अधिनियम की धारा 64/74 के अंतर्गत संबंधित विक्रेताओं पर जुर्माना आरोपित कर राशि तत्काल राजस्व में जमा कराई। साथ ही सभी विक्रेताओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित दरों के अनुसार ही विक्रय करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन से भी ऐसी शिकायतों की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी