गाय को बचाने में बेकाबू हुआ ट्रक, बिजली का पोल तोड़कर नाले व दुकान के फर्श से टकराया

 


हरिद्वार, 22 मार्च (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र में रविवार अल सुबह करीब 3.30 बजे ग्राम धारीवाला स्थित शनि देव मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में बिजली के पोल को तोड़ते हुए पास के नाले और एक दुकान से जा टकराया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह छतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक अरमान निवासी चांदपुर, जनपद बिजनौर चांदपुर से हरिद्वार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कंपनी में केमिकल लेने जा रहा था। जैसे ही ट्रक धारीवाला गांव में शनि देव मंदिर के पास पहुंचा, तभी अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए नाले और पास बनी दुकान से जा टकराया। सुबह होने पर घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बाद में क्रेन बुलाकर ट्रक को हटवाया औऱ रास्ता साफ कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला