ट्रक ने मस्जिद जा रहे बुजुर्ग सेवादार को कुचला

 

हरिद्वार, 20 मई (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मस्जिद जा रहे बुजुर्ग सेवादार की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गूगल मैप के सहारे रास्ता खोजते हुए गलती से ज्वालापुर की संकरी गलियों में पहुंच गया था।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5.30 बजे की है। ज्वालापुर स्थित अंसारी मार्केट के पास हुसैनिया मस्जिद में सेवा करने वाले करीब 75 वर्षीय नूर मोहम्मद उर्फ नूरा रोजाना की तरह सुबह नमाज और मस्जिद की सेवा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक भारी ट्रक बाजार क्षेत्र में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि चालक रास्ता समझने के लिए ट्रक को बैक कर रहा था, तभी उसने पीछे सड़क पर चल रहे बुजुर्ग को नहीं देखा और ट्रक की चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक का पिछला हिस्सा पहले बुजुर्ग से टकराया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रक चालक वाहन को पीछे कर रहा है और उसे पीछे चल रहे बुजुर्ग दिखाई नहीं देते। कुछ ही सेकंड में ट्रक बुजुर्ग को कुचल देता है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने कुछ ही देर बाद उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का निवासी है और वह गूगल मैप के जरिए हरिद्वार में अपना रास्ता तलाश रहा था। इसी दौरान वह मुख्य हाईवे छोड़कर गलती से ज्वालापुर के अंदरूनी बाजार क्षेत्र में पहुंच गया। संकरी गलियों में वाहन मोड़ने और वापस निकालने के दौरान यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक के रास्ता भटकने की बात सामने आई है। चालक को हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला