तेज रफ्तार डम्पर ने बाइक सवार युवक को कुचला

 


हरिद्वार, 03 अप्रैल (हि.स.)। झबरेड़ा–मंगलौर मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार डम्पर ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब कुछ लोगों ने मृतक के परिजनों और साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार झबरेड़ा–मंगलौर मार्ग पर एक तेज रफ्तार डम्पर ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 21 वर्षीय शहज़ाद पुत्र इस्तखार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक शहज़ाद उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के खेड़ा मुगल गांव का निवासी था और मंगलौर क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद उस समय हालात और बिगड़ गए जब डम्पर से जुड़े कुछ लोग मौके पर पहुंचे और मामूली कहासुनी के बाद मृतक के परिजनों व साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने परिजनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे मुनीर, शाहवेज़, भूरा, साहिल और गबरू निवासी खेड़ा मुगल, जिला सहारनपुर घायल हो गए।सूचना मिलने पर झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला