भगवानपुर एक्सप्रेसवे पर चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
हरिद्वार, 31 मार्च (हि.स.)। जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब भगवानपुर एक्सप्रेसवे पर अचानक चलती कार में आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास की है। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव निवासी इल्तिजा अपनी कार से दवाइयां लेने सहारनपुर की ओर जा रहे थे, तभी अचानक कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, कुछ ही सेकेंड में कार के अगले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं। आग भड़कते ही चालक इल्तिजा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मी जब तक आग पर काबू पाते, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला